निवाड़ी जिले की धार्मिक नगरी ओरछा में रामराजा सरकार मंदिर में संभावित आपदा से निपटने के लिए जिला प्रशासन द्वारा हाई इंटेंसिटी मॉकड्रिल आयोजित की गई। मंदिर में रोजाना हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए किसी भी अफवाह या भगदड़ की स्थिति से बचने के उद्देश्य से यह अभ्यास किया गया।मॉकड्रिल के दौरान प्रशासन ने भीड़ प्रबंधन और आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई के तरीकों का अभ्यास किया। कलेक्टर जमुना भिड़े और एसपी डॉ. राय सिंह नरवरिया ने बताया कि भीड़ जब स्थिर हो जाती है, तब पीछे से दबाव बढ़ता है, जिससे भगदड़ की स्थिति बन सकती है। इसे नियंत्रित करने के उपायों पर विशेष ध्यान दिया गया।अभ्यास में यह भी सिखाया गया कि आपदा की स्थिति में घायलों को किस प्रकार प्राथमिकता के आधार पर अस्पताल पहुंचाया जाए, जिसमें गंभीर रूप से घायलों को पहले उपचार देने की व्यवस्था शामिल है।प्रशासन का कहना है कि इस तरह की मॉकड्रिल से भविष्य में किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सकेगा और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकेगी।