मथुरा। थाना राया क्षेत्र के गांव नगला चिकिन में पुरानी रंजिश के चलते 17 वर्षीय किशोर रोहित पुत्र छीतर सिंह की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है, जिसे देखते हुए पुलिस ने एहतियातन अतिरिक्त बल तैनात कर दिया है।पुलिस के मुताबिक, मृतक रोहित का वीरपाल और राजवीर पक्ष से करीब एक वर्ष से विवाद चल रहा था। विवाद की जड़ उस घटना से जुड़ी बताई जा रही है, जिसमें राजवीर के परिवार की एक युवती को मृतक के रिश्तेदार हेमंत ने बहला-फुसलाकर भगा ले गया था। इस मामले में हेमंत पिछले छह माह से दुष्कर्म के आरोप में जेल में बंद है। तभी से दोनों पक्षों के बीच तनाव बना हुआ था।बताया गया है कि करीब पांच महीने पहले गांव पंडवा में राजवीर के भाई रामखिलाड़ी के साथ रोहित, उसके पिता छीतर और लक्ष्मण द्वारा मारपीट का मुकदमा थाना मांट में दर्ज हुआ था। इसके अलावा कांवड़ यात्रा के दौरान वीरपाल के भाई सतवीर के पुत्र विष्णु के साथ भी मारपीट की घटना हो चुकी है, जिससे दुश्मनी और गहरी हो गई थी।शनिवार शाम करीब 7 से 8 बजे के बीच कहासुनी के बाद दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। इस दौरान राजवीर पक्ष के रामखिलाड़ी समेत तीन लोग घायल हो गए। आरोप है कि इसके बाद वीरपाल और राजवीर पक्ष के लोगों ने लाठी-डंडों से रोहित और उसके परिजनों पर हमला कर दिया। हमले में रोहित गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे आरोपी अधमरी हालत में छोड़कर फरार हो गए।परिजन घायल रोहित को अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है।