मथुरा। मां के त्याग और ममता की एक अनोखी मिसाल मथुरा में सामने आई है। यहां एक मां ने अपने बेटे की जान बचाने के लिए अपनी किडनी दान कर दी। अब इलाज में हुए भारी खर्च के कारण परिवार आर्थिक संकट से जूझ रहा है और नगर निगम से मकान के हाउस टैक्स में राहत की मांग कर रहा है।मथुरा के भगवती नगर, यमुना नगर निवासी माया देवी अपने बेटे योगेश शर्मा के साथ नगर निगम कार्यालय पहुंचीं और अधिकारियों से मुलाकात कर अपनी परेशानी बताई। उन्होंने अधिकारियों से अनुरोध किया कि उनकी आर्थिक स्थिति को देखते हुए मकान के हाउस टैक्स में कुछ राहत दी जाए।योगेश शर्मा ने बताया कि कुछ समय पहले उनकी दोनों किडनियां खराब हो गई थीं। डॉक्टरों ने किडनी ट्रांसप्लांट को ही जीवन बचाने का एकमात्र उपाय बताया। ऐसे में उनकी मां माया देवी ने बिना किसी हिचकिचाहट के अपनी एक किडनी बेटे को दान करने का निर्णय लिया। ऑपरेशन सफल रहा और योगेश की जान बच गई।हालांकि लंबे इलाज, दवाइयों और अस्पताल के खर्च के कारण परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर हो गई। इसी वजह से वे अपने मकान का हाउस टैक्स समय पर जमा नहीं कर पाए। परिवार का कहना है कि इलाज में उनकी पूरी जमा पूंजी खर्च हो चुकी है और अब घर चलाना भी मुश्किल हो रहा है।नगर निगम अधिकारियों ने उनकी बात सुनकर मामले की जांच कराने और नियमों के अनुसार संभव सहायता देने का आश्वासन दिया है। वहीं मां के इस त्याग और ममता की कहानी सुनकर हर कोई भावुक हो रहा है और लोग माया देवी के साहस की सराहना कर रहे हैं।