उज्जैन (खाचरोद)। उज्जैन जिले के खाचरोद क्षेत्र से मानवता को झकझोर देने वाला एक बेहद दुखद मामला सामने आया है। नानी के घर आई 9 वर्षीय मासूम बच्ची के साथ पड़ोस में रहने वाले युवक ने दुष्कर्म करने का प्रयास किया और विरोध करने पर बेरहमी से मारपीट कर दी, जिससे इलाज के दौरान बच्ची की मौत हो गई।प्राप्त जानकारी के अनुसार बच्ची घर के बाहर खेल रही थी, इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले युवक ने उसे बहला-फुसलाकर अपने घर के अंदर ले गया। वहां आरोपी ने बच्ची के साथ दुष्कर्म करने का प्रयास किया। जब बच्ची ने शोर मचाकर विरोध किया तो आरोपी ने गुस्से में आकर उसे बोरे में बंद कर मोगरी से बुरी तरह पीटा।गंभीर रूप से घायल बच्ची को आरोपी ने परिजनों को यह कहकर सौंप दिया कि वह छत से गिर गई है। परिजन तत्काल बच्ची को खाचरोद के अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने उसे रतलाम रेफर कर दिया। इलाज के दौरान बच्ची ने दम तोड़ दिया।इलाज करने वाले डॉक्टरों ने बच्ची के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान पाए और मारपीट की आशंका जताई। इसके बाद परिजन थाने पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने संदेह के आधार पर आरोपी को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की, जिसमें उसने वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।फिलहाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या, दुष्कर्म के प्रयास सहित अन्य गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया है। मामले की जांच जारी है और आरोपी को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।