मथुरा। विश्व प्रसिद्ध लड्डूमार होली और लठमार होली के सफल आयोजन को लेकर जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने बुधवार को नगर पंचायत बरसाना का निरीक्षण किया। उन्होंने देश-विदेश से आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा, साफ-सफाई, यातायात व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि पेयजल, शौचालय, पार्किंग, चिकित्सा सुविधा और सफाई व्यवस्था पूरी तरह दुरुस्त रहे। मुख्य मार्गों और आयोजन स्थलों पर विशेष सफाई अभियान चलाने और अस्थायी व्यवस्थाओं को मजबूत करने के भी निर्देश दिए गए।पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने के लिए कहा गया। भीड़ नियंत्रण हेतु बैरिकेडिंग, सीसीटीवी कैमरे और पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने पर जोर दिया गया। साथ ही यातायात सुचारु रखने के लिए वैकल्पिक मार्गों की योजना तैयार करने और पार्किंग स्थलों को स्पष्ट रूप से चिन्हित करने के निर्देश दिए गए।नगर पंचायत अधिकारियों को बिजली, प्रकाश व्यवस्था और सड़कों की मरम्मत का कार्य समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें ताकि होली का आयोजन शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत और नगर पंचायत के पदाधिकारी भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि तय समय सीमा में सभी तैयारियां पूर्ण कर ली जाएंगी, जिससे श्रद्धालु बरसाना की ऐतिहासिक लठमार होली का आनंद सुरक्षित और सुगमता से ले सकें।