खरगोन में आयोजित श्री नवग्रह मेले के दौरान हुए मुशायरा कार्यक्रम में विवाद और मारपीट की घटना के बाद शहर का माहौल गरमा गया है। इस घटना को लेकर “सकल हिन्दू समाज” ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपते हुए पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।सकल हिन्दू समाज के पदाधिकारियों ने बताया कि मेले के दौरान आयोजित मुशायरा कार्यक्रम में आपसी विवाद के बाद मारपीट की स्थिति बन गई, जिससे मेले की गरिमा और शांति व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए। संगठन का कहना है कि ऐसे आयोजनों के कारण धार्मिक और सांस्कृतिक मेलों की मूल भावना प्रभावित हो रही है।ज्ञापन के माध्यम से संगठन ने प्रशासन से मांग की है कि भविष्य में श्री नवग्रह मेला जैसे धार्मिक आयोजनों में मुशायरा और फिल्म स्टार नाइट जैसे कार्यक्रमों पर रोक लगाई जाए। इसके स्थान पर भजन संध्या, कीर्तन और पारंपरिक धार्मिक-सांस्कृतिक कार्यक्रमों को ही प्राथमिकता दी जाए, ताकि मेले की मर्यादा बनी रहे और किसी भी प्रकार की अशांति न फैले।इस दौरान सकल हिन्दू समाज के अध्यक्ष बब्लु पाल ने कहा कि मेले में हुई घटना से समाज में आक्रोश है और यदि समय रहते उचित कार्रवाई नहीं की गई तो हालात और बिगड़ सकते हैं। उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषियों को कड़ी सजा देने की मांग की।वहीं, प्रशासन की ओर से ज्ञापन स्वीकार कर लिया गया है और पूरे मामले की जांच कर आवश्यक व उचित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया गया है।