कसरावद, खरगोन। नशामुक्त, स्वस्थ्य और सशक्त कसरावद के निर्माण के उद्देश्य से आज कसरावद में भव्य मैराथन और पतंग महोत्सव का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का शुभारंभ मप्र के कृषि मंत्री रहे विधायक सचिन यादव ने किया। कार्यक्रम का आयोजन सुभाष यादव फाउंडेशन, बोरावां, खरगोन के तत्वावधान में किया गया।

मैराथन की शुरुआत में विधायक सचिन यादव ने उपस्थित जनों को नशामुक्त और स्वस्थ्य कसरावद की शपथ दिलाई। मैराथन में कुल 565 धावकों ने भाग लिया। विधायक ने खुद भी 3 किमी और 5 किमी की दौड़ में भाग लेकर कार्यक्रम को और रोमांचक बनाया।

कार्यक्रम के दौरान पूर्व केंद्रीय कृषि राज्यमंत्री अरुण यादव के जन्मदिवस के अवसर पर उनके सम्मान में केक काटा गया और शुभकामनाएँ दी गईं।

मैराथन विजेताओं को किया गया सम्मानित
विधायक सचिन यादव ने विजेताओं को नगद पुरस्कार और प्रमाण पत्र प्रदान किए। 3 किमी मैराथन में बालक वर्ग में प्रथम विजेता अभिषेक को 11,000 रुपये, द्वितीय शिवम को 5,100 रुपये और तृतीय शिवलाल को 2,100 रुपये प्रदान किए। बालिका वर्ग में प्रथम विजेता अर्चना चौहान को 11,000 रुपये, द्वितीय सलिता गोवहले को 5,100 रुपये और तृतीय मुस्कान राजपूत को 2,100 रुपये प्रदान किए गए।

5 किमी पुरुष वर्ग में प्रथम राजू यादव को 21,000 रुपये, द्वितीय उपेन्द्र पाल को 11,000 रुपये और तृतीय सूर्य प्रकाश यादव को 5,100 रुपये दिए गए। महिला वर्ग में प्रथम विजेता पूनम पाल को 21,000 रुपये, द्वितीय तनु को 11,000 रुपये और तृतीय पलक मेवाडे को 5,100 रुपये प्रदान किए गए।

विधायक सचिन यादव ने भी उड़ाई पतंग
मैराथन के बाद मकर संक्रांति पर्व के अवसर पर विधायक सचिन यादव ने युवा और नागरिकों के साथ नीले आसमान में पतंग उड़ाई। इस पतंग महोत्सव में 300 से अधिक बालक-बालिकाओं, युवाओं और नागरिकों ने भाग लिया। विधायक ने सभी प्रतिभागियों और उपस्थित जनों को तिल के लड्डू भी वितरित किए।

उपस्थित गणमान्य व्यक्ति
इस आयोजन में विधायक सचिन यादव के साथ नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि राजेन्द्र सिंह यादव, जनपद अध्यक्ष प्रतिनिधि राजेश बागदरे, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष परसराम यादव, जिला खेल अधिकारी डॉ. शिरीष जायसवाल, हबीब बेग मिर्जा, अश्विन गुप्ता, धमेन्द्र कुमार सिंह, दयाराम राजपुत, पंकज बर्डे, अतुल उपाध्याय, स्वपनील वराडे सहित नगर परिषद और जनपद पंचायत के सदस्य और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।