निवाड़ी जिले में 13 वर्षीय नाबालिग छात्रा के साथ दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर टेहरका थाना पुलिस ने पॉक्सो एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर एक नाबालिग सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।पुलिस के अनुसार यह घटना टेहरका थाना क्षेत्र की है। दिनांक 25 दिसंबर 2025 को दोपहर करीब 2 बजे पीड़िता स्कूल से घर लौट रही थी। इसी दौरान मटरा कुआं के पास उसे आरोपी रवि सैनी और धर्मेंद्र चौरसिया मिले। आरोप है कि रवि सैनी ने नाबालिग छात्रा को बहला-फुसलाकर खेत की ओर ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। इस दौरान धर्मेंद्र चौरसिया ने घटना का वीडियो बनाया और बाद में उसने भी पीड़िता के साथ दुष्कर्म किया।घटना के दो-तीन दिन बाद आरोपी रवि सैनी ने पीड़िता को संदेश भेजकर दोबारा खेत पर बुलाया और वीडियो परिजनों को भेजने की धमकी दी। धमकी के कारण पीड़िता खेत पर पहुंची, जहां इस बार एक अन्य नाबालिग आरोपी ने भी उसके साथ दुष्कर्म किया।इसके बाद आरोपियों द्वारा पीड़िता को वीडियो वायरल करने की धमकी देकर पैसों की मांग की गई। नाबालिग आरोपी ने कुल 75 हजार रुपये की मांग की। पीड़िता ने भय और दबाव में नाबालिग आरोपी को 5 किस्तों में 25 हजार रुपये तथा रवि सैनी को 10 किस्तों में 50 हजार रुपये दिए। इसके बावजूद आरोपियों द्वारा लगातार धमकियां दी जाती रहीं।लगातार मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर पीड़िता ने परिजनों को घटना की जानकारी दी। परिजनों द्वारा टेहरका थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई गई। शिकायत प्राप्त होते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जिनमें एक आरोपी नाबालिग है।