मथुरा में रमजान माह के अंतिम शुक्रवार को अलविदा जुमे की नमाज शहर भर की मस्जिदों में शांतिपूर्वक अदा की गई। इस अवसर पर बड़ी संख्या में नमाजी मस्जिदों में पहुंचे और देश-दुनिया में अमन, शांति और भाईचारे की दुआ मांगी। नमाज को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह सतर्क रहा और सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। शुक्रवार को शहर की प्रमुख मस्जिदों में नमाज अदा की गई। चौक बाजार स्थित जामा मस्जिद, शाही ईदगाह मस्जिद, बैरागपुरा की मदीना मस्जिद, मसानी क्षेत्र की मस्जिदों तथा राधेश्याम कॉलोनी नई बस्ती सहित अन्य इलाकों की मस्जिदों में सुबह से ही नमाजियों का पहुंचना शुरू हो गया था। तय समय पर सभी मस्जिदों में नमाज अदा की गई।शहर के मुफ़्ती मोहम्मद आसिफ रजा ने अलविदा जुमे की नमाज अदा कराई। उन्होंने अपने बयान में कहा कि रमजान का महीना इबादत, संयम और भाईचारे का संदेश देता है। नमाज के बाद उन्होंने देश में सुख-शांति, आपसी सद्भाव और तरक्की के लिए विशेष दुआ कराई।अलविदा जुमे की नमाज को देखते हुए पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह अलर्ट रहा। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया था और प्रमुख मस्जिदों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई। पुलिस अधिकारी लगातार हालात पर नजर बनाए हुए थे, जिसके चलते नमाज का कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।नमाज अदा करने के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर अलविदा जुमे की मुबारकबाद दी और भाईचारे का संदेश दिया। मोहम्मद दिलशाद ने बताया कि रमजान के आखिरी शुक्रवार को सभी लोगों ने मिलकर नमाज अदा की और देश-दुनिया में अमन-चैन की दुआ मांगी। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन की बेहतर व्यवस्था के कारण नमाज शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई, जिसके लिए उन्होंने प्रशासन का आभार भी जताया।