सीहोर की मंडी पुलिस ने कुबेरेश्वरधाम के पास हुई लूट की घटना का खुलासा करते हुए दो आरोपियों—मोहम्मद मोहसिन पिता मोहम्मद शकील, निवासी खजराना, इंदौर, और आदिल पठान पिता युसुफ पठान, निवासी पालदा, इंदौर—को गिरफ्तार किया है।पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों ने एक बस को कुबेरेश्वरधाम के पास रोककर अर्जुन और उसके मित्र को नीचे उतारा, उन्हें एक निर्माणाधीन इमारत के पीछे ले जाकर मारपीट की और 30,000 रुपए नकद व रियलमी मोबाइल फोन लूट लिया।जांच में पता चला कि मोहसिन के खिलाफ पहले से ही थाना तेजाजी नगर और थाना खजराना, इंदौर में आर्म्स एक्ट और पब्लिक गैंबलिंग एक्ट (धारा 13) के मामले दर्ज हैं। वहीं आदिल के खिलाफ थाना भंवरकुआ में धारा 309(4), 309(6), 311 BNS के तहत मामले दर्ज हैं।पुलिस ने दोनों को आजाद नगर और खजराना, इंदौर से पकड़ा। पूछताछ में उन्होंने अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों से लूटा गया मोबाइल, 7,200 रुपए नकद, और घटना में इस्तेमाल किया गया पाइप बरामद किया है। घटना में प्रयुक्त बाइक की जब्ती के लिए दोनों को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड मांगी गई है।