खरगोन। नवग्रह की नगरी खरगोन में नगर गौरव दिवस बुधवार को मकर संक्रांति पर्व के साथ उत्साह और उल्लास के बीच शुरू हुआ। सुबह नवग्रहों के पूजन और दर्शन के साथ कार्यक्रमों की शुरुआत हुई।शाम को शहर के प्रमुख मार्गों से शोभायात्रा निकाली गई, जो कुंदा तट पर पहुंची। शोभायात्रा में महाराष्ट्र के ढोल दल आकर्षण का केंद्र रहे। कुंदा तट पर आकर्षक सज्जा की गई और रात में पूरा घाट दूधिया रोशनी से जगमगा उठा। नदी में लगाए गए रंगीन फव्वारे दर्शकों को लुभाते नजर आए।शाम 7 बजे गणेश मंदिर के सामने दीपदान और महाआरती आयोजित की गई। भव्य और रंगारंग आतिशबाजी के साथ धार्मिक, सांस्कृतिक और अध्यात्मिक प्रस्तुतियों की शुरुआत हुई। कार्यक्रम में विधायक बालकृष्ण पाटीदार, कलेक्टर भव्या मित्तल, नपाध्यक्ष छाया जोशी, उपाध्यक्ष भोलू कर्मा, सीएमओ कमला कौल सहित अन्य अधिकारी और सभापति मौजूद रहे।