कुम्भराज पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 114 लीटर शराब के साथ एक वाहन जब्त किया है। पुलिस थाना प्रभारी पंकज त्यागी के अनुसार, सांका रोड पर सफेद कार को रोककर एसआई सतीश वर्मा और टीम ने जांच पड़ताल की।जांच में कार से 54 लीटर अंग्रेजी शराब और 60 लीटर देशी शराब बरामद हुई। वाहन को चला रहे व्यक्ति का नाम कमल भाटी बताया गया। हालांकि, वाहन को बाद में छोड़ दिए जाने से पुलिस की भूमिका पर सवाल उठने लगे हैं।जानकारी के अनुसार, कमल भाटी एक वर्ष पूर्व भी चर्चा में था, जब स्थानीय व्यापारियों ने उस पर लाखों रुपये मूल्य के धनिया की हेराफेरी का आरोप लगाया था। बाद में संबंधित व्यापारियों के साथ समझौता होने के कारण मामला बंद कर दिया गया था। कमल भाटी वर्तमान में एक निजी कंपनी के वेयरहाउस में नौकरी करता है।एसआई सतीश वर्मा ने बताया कि पुलिस ने शराब के साथ उसकी फोर-व्हीलर गाड़ी भी जब्त कर ली है। गाड़ी की कीमत लगभग 4 लाख रुपये बताई जा रही है। शराब और वाहन जब्त करने के बाद आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।