निवाड़ी जिले के पृथ्वीपुर कस्बे में बुधवार को तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। पृथ्वीपुर थाना क्षेत्र के गल्ला मंडी के सामने एक दर्दनाक सड़क हादसे में 55 वर्षीय महिला की मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।जानकारी के अनुसार महिला अपने घर से सड़क पार कर कचरा फेंकने जा रही थी। इसी दौरान दिल्ली से टीकमगढ़ जा रही उत्तर प्रदेश रोडवेज की बस ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि महिला गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ी।परिजन और स्थानीय लोग तत्काल उसे उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद महिला को मृत घोषित कर दिया। महिला की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।घटना की सूचना मिलते ही पृथ्वीपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने बस चालक और हादसे की परिस्थितियों की जांच शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों के कारण आए दिन हादसे होते रहते हैं। उन्होंने प्रशासन से सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।