निवाड़ी। निवाड़ी जिले के उत्तर प्रदेश-मध्य प्रदेश सीमा पर स्थित ढिमरपुरा जंगल में युवक और युवती के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही सेंदरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि जंगल में एक युवती का शव संदिग्ध हालत में मिला, जिसके गले पर धारदार हथियार के निशान पाए गए। शव के पास मछली काटने वाली छुरी भी बरामद हुई है।वहीं, कुछ दूरी पर एक युवक का शव पेड़ से लटका हुआ मिला। मृतकों की पहचान झांसी जिले के सिलोरी गांव निवासी चंद्रभान केवट और निवाड़ी जिले के सिंदूरसागर निवासी वर्षा केवट के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार दोनों के बीच प्रेम प्रसंग था और वे फोन पर संपर्क में रहते थे, साथ ही दोनों के बीच रिश्तेदारी भी बताई जा रही है।परिजनों के अनुसार युवती वर्षा केवट की जल्द ही शादी होने वाली थी और वह शनिवार से लापता थी। घटना को लेकर युवती के परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है और निष्पक्ष जांच की मांग की है। उनका कहना है कि युवती की हत्या कर शव को जंगल में फेंका गया है।घटना की सूचना पर एफएसएल टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल मामला हत्या और आत्महत्या के बीच उलझा हुआ है और पुलिस हर पहलू से जांच में जुटी है।