भोपाल |
कड़ाके की ठंड से जूझ रहे बेसहारा और जरूरतमंद लोगों के लिए भारतीय स्टेट बैंक लेडीज़ क्लब, भोपाल एक बार फिर मानवता और सामाजिक संवेदनशीलता की मिसाल बनकर सामने आया है। लेडीज़ क्लब द्वारा भोपाल मुख्य रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म क्रमांक–1 एवं आसपास के क्षेत्रों में सेवा अभियान चलाकर जरूरतमंदों को ठंड से राहत पहुंचाई गई। इस मानवीय पहल के तहत लेडीज़ क्लब की ओर से 100 जरूरतमंद लोगों को कंबल एवं भोजन के पैकेट वितरित किए गए। कड़ाके की ठंड में जब रातें बेहद कठिन हो जाती हैं, ऐसे समय में यह सहायता जरूरतमंदों के लिए किसी संजीवनी से कम नहीं रही।सेवा अभियान में लेडीज़ क्लब की अध्यक्षा श्रीमती श्रद्धांजलि सुबुद्धि की गरिमामयी उपस्थिति रही। उनके नेतृत्व में क्लब की सभी सदस्याओं ने पूरे समर्पण, स्नेह और संवेदनशीलता के साथ सेवा कार्य को अंजाम दिया। ठंड से कांपते लोगों को जब कंबल और भोजन मिला, तो उनके चेहरों पर उभरी मुस्कान ने इस प्रयास की सार्थकता को स्वयं बयान कर दिया।कार्यक्रम के दौरान रेलवे स्टेशन परिसर सेवा, सहयोग और सहानुभूति के भाव से सराबोर नजर आया। यात्रियों और रेलकर्मियों ने भी इस मानवीय पहल की खुले दिल से सराहना की और लेडीज़ क्लब के प्रयासों को प्रेरणादायी बताया।भारतीय स्टेट बैंक लेडीज़ क्लब भोपाल की यह पहल समाज के प्रति बैंक परिवार की सामाजिक जिम्मेदारी, मानवीय मूल्यों और संवेदनशील सोच को दर्शाती है। यह सेवा अभियान न केवल जरूरतमंदों को ठंड से राहत देने वाला साबित हुआ, बल्कि समाज के हर वर्ग को करुणा, मानवता और सहभागिता का सशक्त संदेश भी देकर गया।