मथुरा।
वृंदावन थाना क्षेत्र की गौरानगर कॉलोनी में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर धारदार हथियार से हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। वहीं, ससुराल पक्ष का कहना है कि महिला की मौत इलाज के दौरान हुई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, गौरानगर कॉलोनी की मदीना मस्जिद वाली गली में शुक्रवार सुबह महिला की मौत की सूचना मिली। खबर मिलते ही मायके और ससुराल पक्ष के लोग मौके पर पहुंच गए। दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जिससे कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति बन गई। पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और आवश्यक कार्रवाई की।मृतका की पहचान रुखसार के रूप में हुई है, जो कोसीकला थाना क्षेत्र की निवासी थी। उसकी उम्र करीब 30 वर्ष बताई जा रही है। परिजनों के अनुसार, रुखसार की शादी करीब 15 वर्ष पहले गौरानगर निवासी मुकीम से हुई थी। मृतका के भाई इरफान ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही रुखसार को ससुराल में प्रताड़ित किया जाता रहा। कई बार समझौते की कोशिश भी की गई, लेकिन हालात नहीं बदले। इरफान का कहना है कि इसी प्रताड़ना के कारण उसकी बहन की हत्या की गई है।वहीं, ससुराल पक्ष ने सभी आरोपों को बेबुनियाद बताया है और कहा कि रुखसार की तबीयत अचानक खराब हुई थी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए ले जाया गया, जहां उसकी मौत हुई। उन्होंने किसी भी तरह की मारपीट या हत्या से इनकार किया।पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चलेगा। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी।