द्वारकाधीश मंदिर में गड़ा होली का डाड़ा, ब्रज में शुरू हुईं होली की तैयारियाँ
मथुरा। पुष्टिमार्गीय संप्रदाय के प्रमुख मंदिर ठाकुर श्री द्वारकाधीश मंदिर में परंपरागत रूप से होली महोत्सव की विधिवत शुरुआत हो गई है। पूर्णिमा के पावन अवसर पर मंदिर परिसर में होली का डाड़ा गाड़ा गया, जिसके साथ ही मंदिर में होली की रौनक और उत्साह देखने को मिला।मंदिर के विधि एवं मीडिया प्रभारी राकेश एडवोकेट ने जानकारी देते हुए बताया कि ठाकुर श्री द्वारकाधीश मंदिर में आयोजित होने वाले सभी धार्मिक कार्यक्रम मंदिर के गोस्वामी श्रीश्री 108 डॉ. वागीश कुमारजी महाराज के निर्देशन में संपन्न होते हैं। उन्होंने बताया कि ब्रज मंडल में सामान्यतः बसंत पंचमी से होली के डाड़े की परंपरा प्रारंभ हो जाती है, लेकिन पुष्टिमार्गीय संप्रदाय के द्वारकाधीश मंदिर में यह परंपरा पूर्णिमा के दिन निभाई जाती है। इसके अगले दिन पड़वा से ब्रज की प्रसिद्ध रसियाओं का गायन प्रारंभ हो जाता है।सोमवार सायंकाल शयन दर्शन के दौरान मंदिर परिसर में होली के डाड़े का विधिवत पूजन किया गया। यह पूजन मंदिर के अधिकारी वैद्य अशोक कुमार शर्मा, सत्यनारायण शर्मा एवं मीडिया प्रभारी राकेश तिवारी एडवोकेट द्वारा संयुक्त रूप से संपन्न हुआ। पूजन विधि मंदिर के सेवाधिकारी अजय तेलंग द्वारा कराई गई।पूजन के पश्चात मंदिर में होली पर्व की तैयारियाँ तेज हो गई हैं। मंदिर को विशेष रूप से सजाया जा रहा है तथा सेवायतों द्वारा आगामी धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की व्यवस्थाएँ की जा रही हैं।मंदिर प्रशासन ने बताया कि मंगलवार प्रातःकाल राजभोग दर्शन (सुबह 10 से 11 बजे) के दौरान ब्रज की सुप्रसिद्ध रसियाओं द्वारा ब्रज फाग का गायन किया जाएगा। यह गायन ब्रज फाग द्वारकेश मंडल के कलाकारों द्वारा प्रस्तुत किया जाएगा, जिसे लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।मंदिर प्रबंधन ने समस्त धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे ठाकुर श्री द्वारकाधीश मंदिर पधारकर दर्शन करें और होली के इस पावन व पारंपरिक उत्सव में सहभागी बनकर पुण्य लाभ अर्जित करें।

बंगाल की खाड़ी में सक्रिय हुआ सिस्टम, 7 राज्यों में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट
मैहर में कांग्रेस प्रदर्शन के दौरान पुलिसकर्मी झुलसा
जिस वंदे भारत एक्सप्रेस में सवार थे भागवत........उस पर हरदोई में हुई पत्थरबाजी
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने नई दिल्ली में की इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026 में सहभागिता