मथुरा। जनपद मथुरा में स्वास्थ्य विभाग द्वारा इस्लामिया इंटर कॉलेज में हज यात्रियों के लिए हेल्थ चेकअप एवं टीकाकरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान कुल 71 हज यात्रियों के स्वास्थ्य की जांच की गई और आवश्यक टीके लगाए गए।मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राधा वल्लभ ने बताया कि कार्यक्रम के अंतर्गत सभी हज यात्रियों का विस्तृत स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, जिससे यात्रा के दौरान किसी भी स्वास्थ्य संबंधी समस्या से बचा जा सके। स्वास्थ्य विभाग द्वारा यात्रियों को आवश्यक सावधानियों की जानकारी भी दी गई।जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. रोहितास सिंह ने जानकारी दी कि हज यात्रियों को मेनिंगोकोक्कल, सीजनल इन्फ्लुएंजा एवं पोलियो की वैक्सीन लगाई गई। साथ ही प्रशिक्षकों द्वारा हज यात्रा के दौरान स्वास्थ्य सुरक्षा को लेकर विशेष प्रशिक्षण भी प्रदान किया गया।उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम में अल्पसंख्यक विभाग द्वारा सभी हज यात्रियों को आवश्यक जानकारी और सहयोग उपलब्ध कराया गया।हेल्थ कैंप में चिकित्साधिकारी डॉ. सचिन शर्मा, एडीईओ एमपी सिंह, जेएसआई से सीएसओ संजय यादव, यूएनडीपी से भुवनेश्वर शर्मा, यूनिसेफ से पूनम यादव, स्वास्थ्य विभाग से त्रिभुवन शर्मा, एएनएम आदर्श कुमारी, सुमन, सोनम, सीसीएच हरी सिंह सहित अन्य स्वास्थ्य कर्मियों ने सक्रिय भूमिका निभाई।