मथुरा में भारतीय किसान यूनियन (सुनील) के आंदोलन के बाद नगर निगम ने भूमाफियाओं के खिलाफ कार्रवाई करते हुए अवैध कब्जे हटाए। शुक्रवार को संगठन के कार्यकर्ताओं ने “नगर आयुक्त मथुरा छोड़ो” अभियान के तहत महानगर के सतोला क्षेत्र में प्रदर्शन कर नगर निगम की जमीन पर किए गए कब्जों को हटाने की मांग उठाई थी।भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता पवन चतुर्वेदी ने बताया कि आंदोलन के बाद नगर निगम की टीम सक्रिय हुई और गुलमोहर सिटी क्षेत्र में जेसीबी मशीन से भूमाफियाओं द्वारा लगाए गए अवैध पिलरों को तोड़ने की कार्रवाई की गई। इसके अलावा असगरपुर सतोहा गांव में गेट बंद कॉलोनी के अंदर किसानों के पशुओं के पानी पीने के लिए बनी पोखर पर किए गए कब्जे को भी हटाया गया।उन्होंने बताया कि पोखर के चारों ओर बनाई गई बाउंड्री को नगर निगम के राजस्व निरीक्षक की मौजूदगी में तोड़ा गया और कॉलोनी के अंदर बंद किए गए रास्ते को भी खुलवाया गया। किसान संगठन ने इसे किसानों की बड़ी जीत बताया है।पवन चतुर्वेदी के अनुसार गुलमोहर सिटी क्षेत्र में करीब साढ़े चार हजार वर्ग गज जमीन पहले ही कब्जामुक्त कराई जा चुकी है और अब वहां लगाए गए अवैध पिलरों को भी हटा दिया गया है। उन्होंने मांग की कि इस जमीन पर जल्द ही किसान पार्क का निर्माण कराया जाए और कब्जामुक्त कराई गई पोखर को दोबारा खुदवाकर पहले की तरह उपयोगी बनाया जाए।उन्होंने कहा कि जब तक पोखर को पूरी तरह बहाल नहीं किया जाता और सरकारी जमीनों को सुरक्षित नहीं किया जाता, तब तक संगठन का आंदोलन जारी रहेगा। किसान यूनियन ने जिला प्रशासन से मांग की है कि सरकारी जमीन और पोखर पर कब्जा करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।इस दौरान किसान नेता राजवीर सिंह, नेताजी, महानगर अध्यक्ष भरत अग्रवाल, भगवान दास तोमर और विनोद राजपूत सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।