सागर जिले में तेज रफ्तार ने एक बार फिर चार परिवारों को उजाड़ दिया। सागर–कानपुर नेशनल हाईवे पर स्थित छानबीला थाना क्षेत्र के रुरावन गांव के पास दो बाइकों की भीषण भिड़ंत में चार युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर हालत में जीवन-मृत्यु से जूझ रहा है।हादसा इतना जोरदार था कि दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए और सवार सड़क पर दूर तक गिरकर बुरी तरह घायल हो गए। स्थानीय लोग और अन्य वाहन चालक मौके पर दौड़े और तुरंत पुलिस को सूचना दी।सूचना मिलते ही बंडा थाना प्रभारी और एसडीओपी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने चारों शवों को मर्चुरी में रखवाया। तीन मृतकों की पहचान हो गई थी, जबकि खबर लिखे जाने तक चौथे युवक की पहचान नहीं हो सकी थी।

कैसे हुआ हादसा?

मिली जानकारी के अनुसार—

  • एक बाइक पर तीन युवक,

  • दूसरी बाइक पर दो युवक सवार थे।

दोनों बाइकों को तेज रफ्तार में लापरवाही से चलाया जा रहा था। रुरावन गांव से लगभग आधा किलोमीटर दूर दोनों बाइकर आमने-सामने से भिड़ गए।

  • तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।

  • चौथे युवक ने अस्पताल में दम तोड़ दिया।

  • पाँचवां युवक गंभीर रूप से घायल है।

पहचान हुई तीन मृतकों की

छानबीला थाना प्रभारी ब्रजेश कुमार के अनुसार—

  • एक मृतक की पहचान गौरव पिता रामस्वरूप अहिरवार (19 वर्ष), निवासी रुरावन के रूप में हुई है।

  • उसके साथ मौजूद दो युवक ग्राम खटोरा खुर्द के रहने वाले थे।

  • चौथा मृतक थाना बहेरिया क्षेत्र के एक गांव का बताया जा रहा है, जिसकी पहचान की जा रही है।

पुलिस ने सभी शवों और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बंडा पहुंचाया।

ग्रामीणों का आक्रोश, पथराव की कोशिश

हादसे के बाद ग्रामीणों में पुलिस के देर से पहुंचने को लेकर नाराजगी फैल गई। गुस्साए लोगों ने पथराव और चक्का जाम करने की कोशिश की, लेकिन एसडीओपी की समझाइश के बाद स्थिति को शांत करा लिया गया।