मथुरा। रंगोत्सव 2026 की तैयारियों को लेकर उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के सभागार में एक उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश के गन्ना विकास एवं चीनी मिलें मंत्री चौधरी लक्ष्मी नारायण ने की। बैठक का उद्देश्य रंगोत्सव को सुव्यवस्थित, सुरक्षित और भव्य रूप से आयोजित करने के लिए विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित करना रहा।बैठक में यातायात व्यवस्था, स्वच्छता, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाएं, सुरक्षा व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि रंगोत्सव ब्रज क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान है, इसलिए इसकी तैयारियों में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।बैठक में मथुरा-वृंदावन नगर निगम के महापौर विनोद अग्रवाल, ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजा कांत मिश्र, मंडलायुक्त नगेन्द्र प्रताप, पुलिस उपमहानिरीक्षक शैलेश कुमार पाण्डेय, जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार और नगर आयुक्त जग प्रवेश ने अपने-अपने विभागों की तैयारियों की जानकारी दी।इसके साथ ही मथुरा वृंदावन विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष लक्ष्मी एन, परिषद के मुख्य कार्यपालक अधिकारी सूरज पटेल, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व डॉ. पंकज कुमार वर्मा, अपर जिलाधिकारी प्रशासन अमरेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी भी बैठक में उपस्थित रहे।अधिकारियों ने बताया कि रंगोत्सव के दौरान पार्किंग व्यवस्था को सुव्यवस्थित किया जाएगा, सफाई अभियान को तेज किया जाएगा और चिकित्सा सुविधाओं को मजबूत किया जाएगा। प्रमुख स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती और निगरानी बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए।बैठक के अंत में मंत्री चौधरी लक्ष्मी नारायण ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए, ताकि रंगोत्सव 2026 को भव्य, सुरक्षित और यादगार बनाया जा सके।