मथुरा। भाजपा के नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन अपने पहले मथुरा दौरे पर आज जनपद पहुंचे। इस अवसर पर मांट क्षेत्र स्थित यमुना एक्सप्रेस-वे कट पर भाजपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने उनका जोरदार और भव्य स्वागत किया।स्वागत समारोह में भारी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे, जिनमें उत्साह और जोश का माहौल देखने को मिला। कार्यक्रम का नेतृत्व भाजपा विधायक राजेश चौधरी ने किया। जैसे ही नितिन नवीन एक्सप्रेस-वे कट पर पहुंचे, कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी और पुष्प वर्षा के साथ उनका अभिनंदन किया। इस दौरान बाबा के बुलडोजर से फूलों की वर्षा कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण बनी और उपस्थित लोगों के बीच चर्चा का विषय रही।कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री चौधरी लक्ष्मी नारायण भी मंच पर मौजूद रहे। मंच से अपने संबोधन में नितिन नवीन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना की और केंद्र सरकार द्वारा चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी कार्यकर्ताओं और जनता के साथ साझा की।उन्होंने मनरेगा योजना का उदाहरण देते हुए कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों के समय जहां केवल 100 दिनों का रोजगार उपलब्ध था, वहीं भाजपा सरकार ने इसे बढ़ाकर 125 दिनों तक कर दिया है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में मजदूरों को अधिक रोजगार के अवसर मिल रहे हैं और उनकी आर्थिक स्थिति में सुधार हो रहा है।राष्ट्रीय अध्यक्ष ने अपने संबोधन में विपक्ष पर भी तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि विपक्ष भ्रम फैलाने की राजनीति कर रहा है, जबकि भाजपा सरकार विकास, गरीब कल्याण और राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देकर निरंतर कार्य कर रही है।कार्यक्रम के समापन पर नितिन नवीन शहीद पंकज नौहवार की प्रतिमा स्थल पर पहुंचे। यहां उन्होंने माल्यार्पण कर शहीद को नमन किया और उनके बलिदान को याद करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।