खरगोन जिले के महेश्वर की सोशल मीडिया पर चर्चित वायरल गर्ल मोनालिसा भोसले की अचानक शादी का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। जानकारी के अनुसार 11 मार्च को केरल के तिरुवनंतपुरम में मोनालिसा भोसले ने फरहान नाम के युवक से विवाह कर लिया। जैसे ही इस शादी की खबर महेश्वर में उसके परिवार तक पहुंची, घर में मातम जैसा माहौल बन गया। मोनालिसा की मां लता भोसले का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पिता जयसिंह भोसले ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि उनकी बेटी को एक्टिंग सिखाने के नाम पर बहला-फुसलाकर उसका ब्रेनवॉश किया गया और आधार कार्ड में उम्र बढ़ाकर फर्जी तरीके से शादी कराई गई। परिजनों का कहना है कि उनकी बेटी अभी नाबालिग है और उसके साथ धोखे से यह सब कराया गया है।इस पूरे घटनाक्रम को लेकर फिल्म “द डायरी ऑफ मणिपुर” के निर्देशक सनोज मिश्रा, जिसमें मोनालिसा बतौर अभिनेत्री काम कर रही है, महेश्वर स्थित उसके घर पहुंचे। सनोज मिश्रा ने मामले को गंभीर बताते हुए इसकी निष्पक्ष जांच की मांग की है।फिलहाल मोनालिसा का परिवार और बंजारा समाज इस पूरे मामले में न्याय और सच्चाई सामने आने का इंतजार कर रहा है। वहीं सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में मोनालिसा और युवक को तिरुवनंतपुरम के एक मंदिर में हिंदू रीति-रिवाज से शादी करते हुए दिखाया गया है, जिसमें युवक मोनालिसा की मांग में सिंदूर भरता नजर आ रहा है। ऐसे में यह मामला वास्तविक है या फिर फिल्म के प्रचार के लिए किया गया कोई स्टंट, यह जांच के बाद ही साफ हो पाएगा।