नरसिंहपुर (मध्य प्रदेश)।
NH-44 पर रविवार को एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया। बरमान चौकी क्षेत्र अंतर्गत बने ओवरब्रिज पर तेज रफ्तार मिनी लोडिंग ऑटो अनियंत्रित होकर रेलिंग तोड़ते हुए नीचे जा गिरा। इस दर्दनाक हादसे में 2 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 8 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नरसिंहपुर से सागर की ओर जा रहा मिनी लोडिंग ऑटो अचानक सामने आई स्कूटी सवार को बचाने के प्रयास में संतुलन खो बैठा। ऑटो की रफ्तार काफी तेज थी, जिसके कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और वह सीधे ओवरब्रिज की रेलिंग से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि रेलिंग टूट गई और ऑटो नीचे जा गिरा। उस समय वाहन में करीब 10 लोग सवार थे।हादसे की सूचना मिलते ही बरमान चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और 112 सहित अन्य वाहनों की मदद से घायलों को तुरंत जिला अस्पताल नरसिंहपुर रेफर किया गया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार घायलों में से दो की हालत गंभीर बनी हुई है।इस हादसे के बाद ओवरब्रिज की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि यह रेलिंग हाल ही में बनाई गई थी, लेकिन निर्माण की गुणवत्ता बेहद खराब थी। लोगों का आरोप है कि रेलिंग के पिलर की गहराई बहुत कम थी और लगाए गए पाइप बेहद पतले थे, जो एक मिनी ऑटो का वजन भी सहन नहीं कर सके। अगर रेलिंग मजबूत होती, तो शायद यह हादसा इतना भयावह नहीं होता और लोगों की जान बच सकती थी।मौके पर पहुंचे एसडीओपी अविनव शर्मा ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। वहीं प्रत्यक्षदर्शी ओम विश्वकर्मा और आशीष सराठे ने भी कमजोर रेलिंग को हादसे की बड़ी वजह बताया।फिलहाल पुलिस जांच में जुटी हुई है और निर्माण एजेंसी की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है। यह हादसा एक बार फिर से घटिया निर्माण और लापरवाही पर बड़ा सवाल खड़ा करता है।