मथुरा। महाशिवरात्रि और होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से थाना गोवर्धन परिसर में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता क्षेत्राधिकारी अनिल कुमार सिंह एवं थाना प्रभारी भगवत सिंह गुर्जर ने की। बैठक में स्थानीय गणमान्य नागरिकों, व्यापार मंडल पदाधिकारियों, ग्राम प्रधानों तथा जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया।बैठक में महाशिवरात्रि पर्व के दौरान बाहर से आने वाले कांवड़िया श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने बताया कि श्रद्धालु मथुरा से कांवड़ लेकर गोवर्धन होते हुए कामा तक जाते हैं और मार्ग में स्थित मंदिरों में जलाभिषेक करते हैं। इसे ध्यान में रखते हुए यातायात प्रबंधन, साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे।होली पर्व को लेकर भी बैठक में अहम निर्णय लिए गए। क्षेत्राधिकारी ने स्पष्ट किया कि होली के दौरान मिट्टी वाले गुलाल के प्रयोग पर पूरी तरह रोक रहेगी। साथ ही तेज आवाज में डीजे बजाने और शराब पीकर हुड़दंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने बताया कि पर्व के दौरान पुलिस टीमें लगातार गश्त करेंगी, ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न होने पाए।बैठक में स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों ने सुझाव दिया कि भीड़ नियंत्रण के लिए कुछ प्रमुख मार्गों पर बाहरी वाहनों और ई-रिक्शा के प्रवेश पर अस्थायी रोक लगाई जाए। इस पर थाना प्रभारी ने आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया।बैठक के अंत में अधिकारियों ने आमजन से अपील की कि महाशिवरात्रि और होली दोनों पर्व आपसी भाईचारे, सौहार्द और शांति के साथ मनाएं, ताकि क्षेत्र की सकारात्मक छवि बनी रहे और बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।