मथुरा के श्रीकृष्ण जन्मभूमि–शाही ईदगाह विवाद से जुड़े मामले में शुक्रवार को प्रयागराज हाईकोर्ट में सुनवाई हुई। हालांकि न्यायालय की व्यस्तता के कारण इस दिन मामले की विस्तृत सुनवाई नहीं हो सकी और कोर्ट ने अगली सुनवाई के लिए 28 मार्च की तारीख तय कर दी। सुनवाई के दौरान हिंदू और मुस्लिम दोनों पक्षों के अधिवक्ता न्यायालय में मौजूद रहे।मामला श्रीकृष्ण जन्मभूमि मंदिर परिसर से शाही ईदगाह और मीना मस्जिद को हटाने की मांग से जुड़ा हुआ है। इस मामले में याचिकाकर्ता श्रीकृष्ण जन्मभूमि न्यास के अध्यक्ष दिनेश फलाहारी महाराज ने कहा कि सनातन समाज चाहता है कि न्यायालय इस विवाद का जल्द समाधान करे। उनका कहना है कि मंदिर से जुड़े कई दस्तावेज, जैसे बिजली-पानी के बिल, खसरा-खतौनी की प्रतियां, नगर निगम का असेसमेंट, रेलवे मुआवजा और बैनामा रजिस्ट्री की कॉपियां पहले ही अदालत में प्रस्तुत की जा चुकी हैं।फलाहारी महाराज ने यह भी कहा कि जिस तरह अयोध्या में श्रीराम मंदिर का निर्माण हुआ है, उसी प्रकार मथुरा में भी श्रीकृष्ण जन्मभूमि मंदिर का निर्माण होना चाहिए। उन्होंने उम्मीद जताई कि अदालत में सभी पक्षों की दलीलें सुनने के बाद इस मामले का जल्द समाधान निकलेगा।फिलहाल हाईकोर्ट द्वारा अगली सुनवाई 28 मार्च को निर्धारित की गई है, जिस पर सभी पक्षों की निगाहें टिकी हुई हैं।