उज्जैन 

भोपाल में गौ मांस से भरा ट्रक और स्लॉटर हाउस पकड़े जाने के मामले को लेकर प्रदेश का माहौल गरमाया हुआ है। इसी कड़ी में आज उज्जैन में जिला युवक कांग्रेस ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। युवक कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भोपाल की महापौर मालती राय के खिलाफ नाराज़गी जताते हुए उनका पुतला दहन किया।यह प्रदर्शन क्षीरसागर स्थित कांग्रेस कार्यालय के बाहर किया गया, जहां बड़ी संख्या में युवक कांग्रेस के कार्यकर्ता एकत्रित हुए। प्रदर्शन का नेतृत्व जिला युवक कांग्रेस अध्यक्ष अर्पित यादव ने किया। कार्यकर्ताओं ने गौ हत्या के खिलाफ नारेबाजी की और प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया।जिला युवक कांग्रेस का कहना है कि भोपाल में हाल ही में एक कंटेनर और स्लॉटर हाउस से बड़ी मात्रा में गौ मांस पकड़ा जाना बेहद गंभीर मामला है। इसके बावजूद जिम्मेदार जनप्रतिनिधियों और प्रशासन की ओर से ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही, जिससे आम जनता में रोष है।प्रदर्शन के दौरान अर्पित यादव ने कहा कि गौ माता की रक्षा के मुद्दे पर किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि भोपाल नगर निगम और महापौर की निष्क्रियता के कारण ऐसे मामले सामने आ रहे हैं। युवक कांग्रेस ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है।वहीं, प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल भी मौके पर तैनात रहा। पुतला दहन के बाद कार्यकर्ता शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन स्थल से हट गए।