खरगोन। जिले में अवैध मादक पदार्थ तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत खरगोन पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना सनावद पुलिस ने अवैध गांजा तस्करी के एक मामले में कार्रवाई करते हुए 4 किलो 190 ग्राम गांजा जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत लगभग 2 लाख 5 हजार रुपये बताई जा रही है।पुलिस महानिरीक्षक इंदौर जोन (ग्रामीण) श्री अनुराग एवं पुलिस उप महानिरीक्षक निमाड़ रेंज खरगोन श्री सिद्धार्थ बहुगुणा के निर्देश पर जिले में मादक पदार्थ तस्करी के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक खरगोन श्री रविन्द्र वर्मा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) श्री बिट्टू सहगल एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्रीमती शकुन्तला रुहल के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई।दिनांक 15 फरवरी 2026 को थाना प्रभारी सनावद उप निरीक्षक श्री धर्मेन्द्र यादव को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि एक व्यक्ति काले रंग के बैग में अवैध मादक पदार्थ गांजा लेकर ओंकारेश्वर बायपास, सनावद पर किसी को सप्लाई देने की फिराक में खड़ा है। सूचना की तस्दीक के बाद तत्काल पुलिस टीम गठित कर बताए गए स्थान पर रवाना की गई।पुलिस टीम द्वारा मौके पर सर्चिंग के दौरान मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिये का व्यक्ति दिखाई दिया, जो पुलिस को देखकर भागने का प्रयास करने लगा। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम कैलाश पिता गेंदालाल मेहरा, उम्र 58 वर्ष, निवासी भोगावां बैडी, थाना मांधाता, जिला खंडवा बताया।आरोपी के कब्जे में मौजूद बैग की तलाशी लेने पर उसमें अवैध मादक पदार्थ गांजा पाया गया। गांजा रखने के संबंध में वैध दस्तावेज अथवा लाइसेंस पूछे जाने पर आरोपी कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पुलिस ने मौके पर विधिवत कार्रवाई करते हुए आरोपी के कब्जे से कुल 4 किलो 190 ग्राम गांजा जब्त किया।थाना सनावद में आरोपी कैलाश पिता गेंदालाल मेहरा के विरुद्ध अपराध क्रमांक 59/26 धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। पुलिस द्वारा आरोपी से गांजा तस्करी के नेटवर्क एवं उसके सप्लायरों के संबंध में विस्तृत पूछताछ की जा रही है।इस कार्रवाई में एसडीओपी बड़वाह श्रीमती अर्चना रावत के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी सनावद उप निरीक्षक श्री धर्मेन्द्र यादव के नेतृत्व में सउनि संदीप कुशवाह, प्रधान आरक्षक गंभीर मीणा, प्रधान आरक्षक राजेन्द्र चौहान, आरक्षक सरदार निगम, आरक्षक राजीव गुर्जर, आरक्षक राजेश जायसवाल, आरक्षक कैलाश, आरक्षक विनोद गौड़, आरक्षक सुनील एवं थाना सनावद के अन्य स्टाफ का विशेष योगदान रहा।पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध मादक पदार्थों के व्यापार में लिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर एवं निरंतर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।