भोपाल में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक, मातृ-शिशु स्वास्थ्य और टीबी उन्मूलन पर कलेक्टर ने दिए कड़े निर्देश
भोपाल। जिले के विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा के लिए बुधवार को कलेक्ट्रेट कार्यालय में जिला स्वास्थ्य समिति एवं टास्क फोर्स की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में गर्भवती महिलाओं के प्रथम त्रैमास में पंजीयन बढ़ाने, हाई-रिस्क गर्भवती महिलाओं की पहचान और उनके बेहतर प्रबंधन, टीकाकरण, परिवार कल्याण, राष्ट्रीय वेक्टर जनित रोग नियंत्रण, कुष्ठ उन्मूलन, टीबी उन्मूलन, अंधत्व नियंत्रण कार्यक्रम, पोषण पुनर्वास केंद्र और एसएनसीयू सहित स्वास्थ्य से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।कलेक्टर द्वारा निर्देश दिया गया कि जिले की सभी स्वास्थ्य संस्थाओं का नियमित निरीक्षण किया जाए और विशेषकर शिशु रोग इकाइयों की फायर सेफ्टी का ऑडिट अनिवार्य रूप से पूरा कराया जाए। इसके साथ ही जननी सुरक्षा योजना और मुख्यमंत्री श्रमिक सेवा प्रसूति सहायता योजना के अंतर्गत भुगतान शत-प्रतिशत सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। कलेक्टर ने जिला अस्पताल की नई बिल्डिंग में शीघ्र सेवाएं शुरू करने और अस्पताल परिसरों की पार्किंग व्यवस्था को सुचारू करने के निर्देश दिए। बैठक में यह भी बताया गया कि जिले की 77 ग्राम पंचायतें टीबी मुक्त घोषित की जा चुकी हैं। टीबी मरीजों को सामाजिक संस्थाओं तथा सीएसआर फंड के सहयोग से फूड बास्केट उपलब्ध कराने के लिए भी निर्देश जारी किए गए।जिला पंचायत सीईओ इला तिवारी ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं की प्रदायगी के साथ-साथ पोर्टल पर डेटा प्रविष्टि अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि स्वास्थ्य विभाग और महिला-बाल विकास विभाग ब्लॉक स्तर पर हर माह संयुक्त रूप से बैठकर कार्यक्रमों की समीक्षा करें, ताकि योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन हो सके।मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनीष शर्मा ने सभी स्वास्थ्य संस्थाओं में हाई-रिस्क गर्भवती महिलाओं की लाइन लिस्टिंग संधारित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बीएमओ बैरसिया को विशेष रूप से चेतावनी देते हुए कहा कि एएनसी पंजीयन और हाई-रिस्क प्रेग्नेंसी के चिह्नांकन एवं प्रबंधन में सुधार नहीं होने पर संबंधित अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।महिला एवं बाल विकास अधिकारी सुनील सोलंकी ने जिला पोषण माह के अंतर्गत किए गए कार्यों की समीक्षा करते हुए पोषण आहार वितरण और पोषण वाटिका गतिविधियों की जानकारी दी।कलेक्ट्रेट कार्यालय में आयोजित इस बैठक में जिला पंचायत सीईओ इला तिवारी, अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी प्रकाश नायक, सीएमएचओ डॉ. मनीष शर्मा, महिला एवं बाल विकास अधिकारी सुनील सोलंकी, स्वास्थ्य कार्यक्रमों के नोडल अधिकारी तथा विभिन्न शासकीय स्वास्थ्य संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

राशिफल: जानिए, कैसा रहेगा आपका आज का दिन (06 मार्च 2026)
कुलपति प्रो. मनोज दयाल ने राज्यपाल से की सौजन्य भेंट
प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना से मातृ स्वास्थ्य को मिला संबल
उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन 06 मार्च को करेंगे 3.08 करोड़ के विकास कार्यों का भूमिपूजन
नगरपालिका परिषद का शताब्दी वर्ष शुजालपुर के हर नागरिक के सम्मान का उत्सव : मुख्यमंत्री डॉ. यादव