खरगोन में संत शिरोमणि रविदासजी का 649वां जन्मोत्सव भव्यता व श्रद्धा के साथ मनाया गया
खरगोन नगर में महान समाज सुधारक एवं संत शिरोमणि रविदासजी का 649वां जन्मोत्सव अत्यंत श्रद्धा, उत्साह और भव्यता के साथ मनाया गया। इस अवसर पर संत रविदास समाज कल्याण समिति निमाड़ एवं कोयला (मोची) समाज संगठन के संयुक्त तत्वावधान में धार्मिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। सुबह से देर शाम तक पूरा नगर संत रविदासजी की भक्ति, विचारों और मानवता के संदेश से ओतप्रोत रहा।समाज जिला अध्यक्ष रेवाराम तावड़े ने जानकारी देते हुए बताया कि जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में भव्य शोभायात्रा, सम्मान समारोह, परिचय सम्मेलन, प्रतिभा सम्मान, नाट्य मंचन के साथ-साथ पांच जोड़ो का सामूहिक विवाह भी संपन्न कराया गया।कार्यक्रम की शुरुआत सुबह कालादेवल मंदिर परिसर से हुई, जहां बड़ी संख्या में समाजजन एकत्रित हुए। इसके पश्चात संत शिरोमणि रविदासजी की भव्य शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से निकाली गई। बैंड-बाजों की मधुर धुन, भक्ति गीतों और जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो उठा। फूलों से सुसज्जित बग्घी में विराजित संत रविदासजी की आकर्षक प्रतिमा शोभायात्रा का केंद्र बिंदु रही।शोभायात्रा के दौरान मार्ग में समाजसेवी संगठनों, जनप्रतिनिधियों एवं व्यापारियों द्वारा पुष्पवर्षा कर संत रविदासजी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। लगभग चार घंटे के भ्रमण के बाद शोभायात्रा पुनः कालादेवल मंदिर परिसर पहुंची, जहां यह एक विशाल सभा में परिवर्तित हो गई।सभा के दौरान पांच जोड़ो का सामूहिक विवाह विधि-विधान से संपन्न कराया गया। इस अवसर पर विधायक बालकृष्ण पाटीदार ने नवविवाहित जोड़ो को आशीर्वाद प्रदान करते हुए गृहस्थी की आवश्यक सामग्री भेंट की। साथ ही शिक्षा, समाजसेवा एवं अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले समाजजनों का सम्मान भी किया गया।समारोह में बड़ी संख्या में समाजजन, गणमान्य नागरिक, जनप्रतिनिधि एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे। पूरे आयोजन ने सामाजिक समरसता, समानता और मानवता के संदेश के साथ संत शिरोमणि रविदासजी के विचारों को प्रभावशाली रूप से जन-जन तक पहुंचाया।

तकनीक तभी सार्थक जब वह मानव हित में हो, हम एआई को सुशासन और सबके विकास के लिए अपनाएंगे : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
30 हजार घूस कांड: चैनपुर थाना प्रभारी की जमानत खारिज
झारखंड में SIR प्रक्रिया अप्रैल से शुरू, मतदाता सूची का होगा बड़ा सत्यापन
झीरम घाटी पर विजय शर्मा का बड़ा बयान, नक्सलवाद खत्म होने पर देंगे श्रद्धांजलि
दुर्ग में भड़काऊ वीडियो पर कार्रवाई, आरोपी गिरफ्तार
सरगुजा के कुन्नी CHC में लापरवाही, स्वीपर ने कराया प्रसव, नवजात की मौत