मथुरा में ठंड बढ़ने के साथ ही घने कोहरे ने दस्तक दे दी है।रविवार रात से ही शहर और आसपास के इलाकों में कोहरे की चादर छाई रही, जो सोमवार सुबह तक बनी रही।घने कोहरे के कारण मथुरा से गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग और यमुना एक्सप्रेसवे पर यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ।नोएडा से आगरा के बीच यमुना एक्सप्रेसवे पर कई स्थानों पर दृश्यता घटकर महज 10 से 20 मीटर तक रह गई।कम दृश्यता के चलते वाहनों की रफ्तार काफी धीमी हो गई और वाहन रेंगते हुए चलते नजर आए।कोहरे की वजह से छोटे और बड़े दोनों तरह के वाहनों के चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।चालक इंडिकेटर और फॉग लाइट जलाकर बेहद सावधानी से वाहन चलाते दिखे।कई जगहों पर चालकों ने जोखिम से बचने के लिए अपने वाहन सड़क किनारे खड़े कर दिए और कोहरा छंटने का इंतजार किया।मथुरा शहर के साथ-साथ राया, फरह, कोसीकलां और आसपास के ग्रामीण इलाकों में भी घना कोहरा छाया रहा।ठंडी हवाओं और गलन के कारण सुबह के समय लोग घरों से निकलने में हिचकिचाते नजर आए।ठंड बढ़ने से आम जनजीवन भी प्रभावित हुआ है।सुबह की सैर पर निकलने वाले लोगों और काम पर जाने वालों को खास दिक्कत का सामना करना पड़ा।कोहरे का असर हाईवे किनारे स्थित ढाबों के कारोबार पर भी देखने को मिला।आमतौर पर सुबह यात्रियों और ट्रक चालकों से भरे रहने वाले ढाबों पर सन्नाटा पसरा रहा।ढाबा संचालकों का कहना है कि कोहरे के कारण यात्रियों की संख्या कम हो गई है, जिससे रोजाना की कमाई प्रभावित हो रही है।