खरगोन के प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस में आधुनिक शैक्षणिक संसाधनों की उपलब्धता बढ़ाने की मांग को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के विद्यार्थियों ने सोमवार को प्राचार्य को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से महाविद्यालय में डिजिटल लाइब्रेरी शुरू करने की मांग की गई।पदाधिकारियों ने बताया कि महाविद्यालय में अध्ययनरत अधिकांश विद्यार्थी जनजातीय क्षेत्रों तथा मध्यम व साधारण परिवारों से आते हैं। ऐसे में उनके पास व्यक्तिगत रूप से कंप्यूटर, लैपटॉप या पर्याप्त इंटरनेट सुविधा उपलब्ध नहीं होती, जिससे वे डिजिटल अध्ययन सामग्री का लाभ नहीं ले पाते और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में पीछे रह जाते हैं।विद्यार्थियों ने प्राचार्य से मांग की कि महाविद्यालय की वर्तमान लाइब्रेरी में ही डिजिटल लाइब्रेरी की व्यवस्था की जाए, जिसमें कंप्यूटर, इंटरनेट सुविधा, ई-बुक और ऑनलाइन अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराई जाए। इससे विद्यार्थियों को आधुनिक शैक्षणिक संसाधनों का लाभ मिलेगा और वे प्रतियोगी परीक्षाओं तथा उच्च शिक्षा की तैयारी बेहतर तरीके से कर सकेंगे।