ब्रज क्षेत्र में गौ-रक्षा के लिए सक्रिय रहने वाले चंद्रशेखर बाबा उर्फ “फरसा वाले बाबा” के निधन से इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। बताया जा रहा है कि बाबा की मौत उस समय हुई जब वे गौ-तस्करी रोकने का प्रयास कर रहे थे।इस घटना को लेकर विश्व हिन्दू परिषद (विहिप) ने गहरा दुख जताते हुए प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है। विहिप पदाधिकारियों ने कहा कि चंद्रशेखर बाबा लंबे समय से गौ-रक्षा और सामाजिक कार्यों में सक्रिय थे और कई बार तस्करों से गायों को बचाने का कार्य कर चुके थे।संगठन ने प्रशासन से मांग की है कि मामले में तत्काल एफआईआर दर्ज कर निष्पक्ष जांच कराई जाए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। साथ ही ब्रज क्षेत्र में बढ़ती गौ-तस्करी की घटनाओं को रोकने के लिए विशेष टास्क फोर्स गठित करने और संवेदनशील क्षेत्रों में चौकियां स्थापित करने की भी मांग की गई है।विहिप ने 21 मार्च को बाबा के समर्थकों द्वारा किए गए प्रदर्शन के दौरान दर्ज मुकदमों को वापस लेने की मांग भी उठाई है। संगठन का कहना है कि लोग दुख और आक्रोश में सड़कों पर उतरे थे, इसलिए उनके खिलाफ कार्रवाई उचित नहीं है।विहिप पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि समर्थकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई तो क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन सकती है, इसलिए प्रशासन को संतुलित और निष्पक्ष कदम उठाने चाहिए।पत्रकार वार्ता में प्रांत अध्यक्ष कन्हैया लाल अग्रवाल सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे। अब पूरे ब्रज क्षेत्र की नजर प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई है।