नागदा क्षेत्र में विद्युत विभाग की लापरवाही के कारण खेतों में खड़ी फसल जलने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि खेतों में लगे बिजली के खंभों से लटकते तारों में स्पार्किंग होने से कई बार किसानों की फसल में आग लग चुकी है। ताजा मामला नागदा तहसील के रोहल कला गांव का है, जहां स्पार्किंग के कारण खेत में खड़ी गेहूं की फसल जलकर खाक हो गई।इस घटना को लेकर किसान नेता कमल आर्य अपने साथियों बापू सिंह गुर्जर, रामकिशोर भाटी सहित अन्य किसानों के साथ विद्युत विभाग के कार्यालय पहुंचे और एमपीईबी अधिकारी अमरीश डी.ई. को ज्ञापन सौंपकर विभाग की लापरवाही से अवगत कराया। किसानों ने बताया कि मार्च का महीना चल रहा है और खेतों में गेहूं की फसल पूरी तरह पककर तैयार है। ऐसे में बिजली के खंभों से लटकते तारों में स्पार्किंग होने से कभी भी फसल में आग लग सकती है, जिससे किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ता है।किसान बापू सिंह गुर्जर ने बताया कि उनके भीमपुरा स्थित खेत में पिछले कई वर्षों से बिजली के पोल से तार लटक रहे हैं, जिसकी शिकायत कई बार की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। वहीं किसान रामकिशोर भाटी ने कहा कि किसान कर्ज लेकर और कड़ी मेहनत से फसल तैयार करता है, लेकिन इस तरह की लापरवाही से फसल जलने पर वह कर्ज में डूब जाता है।किसानों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही विद्युत लाइनों को दुरुस्त नहीं किया गया तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे। इस मामले में महिदपुर विधायक दिनेश जैन बॉस ने भी अधिकारियों से फोन पर चर्चा कर स्थिति की जानकारी ली और समस्या के समाधान की बात कही।वहीं विद्युत विभाग के अधिकारी का कहना है कि मामले की जांच के आदेश दे दिए गए हैं और जहां भी लापरवाही पाई जाएगी, उसे जल्द दुरुस्त किया जाएगा।