मथुरा। गोवर्धन क्षेत्र में स्थित प्रसिद्ध धार्मिक स्थल नारद कुंड मंदिर एक बार फिर चोरों के निशाने पर आ गया है। थाना गोवर्धन क्षेत्र की चौकी राधा कुंड अंतर्गत छोटी परिक्रमा मार्ग पर स्थित इस मंदिर में देर रात एक शातिर चोर ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। पूरी घटना मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।मंदिर के महंत दीनबंधु दास ने बताया कि बीती रात करीब तीन बजे एक अज्ञात चोर मंदिर के पीछे की ओर से टूटी हुई दीवार के रास्ते परिसर में दाखिल हुआ। चोर ने सबसे पहले मंदिर परिसर में बने शिव शंकर मंदिर से त्रिशूल उखाड़ दिया। इसके बाद उसने आश्रम में बने कमरों के ताले तोड़ने का प्रयास किया।ताले नहीं टूटने पर चोर ने गंधक और पोटाश का इस्तेमाल कर आग लगाकर ताले खोलने की कोशिश भी की, लेकिन वह इसमें सफल नहीं हो सका। इसी दौरान आश्रम में कार्यरत एक कर्मचारी शौच के लिए बाहर गया हुआ था। उसका कमरा खुला देख चोर अंदर घुस गया और वहां रखी दस हजार रुपये से अधिक की नगदी तथा एक मोबाइल फोन चोरी कर लिया।चोरी की पूरी वारदात मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है। फुटेज में चोर शनिदेव मंदिर के सामने रखी दान पेटी (गोलक) को खोलते हुए भी दिखाई दे रहा है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने चोर की पहचान के प्रयास शुरू कर दिए हैं।घटना की जानकारी मिलते ही महंत दीनबंधु दास ने तुरंत पुलिस और मीडिया को सूचना दी। सूचना पर गोवर्धन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मंदिर परिसर का निरीक्षण किया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।इस घटना के बाद मंदिर परिसर में रहने वाले साधु-संतों और श्रद्धालुओं में दहशत का माहौल है। लोगों ने मंदिर सहित आसपास के धार्मिक स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।