रीवा में 11 हजार वोल्ट लाइन से झुलसा श्रमिक, हालत गंभीर
रीवा। जिले के सिरमौर तहसील अंतर्गत पडरी गांव में बिजली लाइन की मरम्मत के दौरान एक श्रमिक गंभीर हादसे का शिकार हो गया। 11 हजार वोल्ट की लाइन में अचानक बिजली चालू हो जाने से वह बुरी तरह झुलस गया। घायल श्रमिक का इलाज संजय गांधी अस्पताल में चल रहा है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।जानकारी के अनुसार 27 फरवरी को पडरी गांव में बिजली लाइन की मरम्मत का कार्य चल रहा था। इसी दौरान अशोका कंपनी में कार्यरत श्रमिक राजकुमार दाहिया 11 हजार वोल्ट की लाइन के खंभे पर चढ़कर काम कर रहा था। मरम्मत के दौरान अचानक लाइन में बिजली प्रवाहित कर दी गई, जिससे वह करंट की चपेट में आ गया और गंभीर रूप से झुलस गया।घटना के बाद उसे तत्काल संजय गांधी अस्पताल रीवा में भर्ती कराया गया, जहां वह जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहा है। डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत बेहद नाजुक है और गंभीर जलने के कारण उसके दोनों हाथ काटने तक की नौबत आ सकती है।पीड़ित के परिजनों ने ठेकेदार और बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि हादसे के बाद न तो ठेकेदार की ओर से कोई आर्थिक सहायता दी गई है और न ही बिजली विभाग के अधिकारी अस्पताल पहुंचकर हालचाल लेने आए हैं।परिवार के अनुसार राजकुमार दाहिया ही घर का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था। उसके परिवार में पत्नी और चार छोटे बच्चे—दो बेटियां और दो बेटे—हैं, जिनका पालन-पोषण पूरी तरह उसी पर निर्भर है। परिजनों ने प्रशासन से पीड़ित की पत्नी को नौकरी और परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है, ताकि बच्चों का भविष्य सुरक्षित हो सके।

राजनीतिक माहौल गरमाया, सीएम ने कांग्रेस पर साधा निशाना