उज्जैन–उन्हेल–नागदा–जावरा मार्ग पर सड़क सुरक्षा को और अधिक सुदृढ़ करने के उद्देश्य से मध्य प्रदेश सड़क विकास निगम (एम.पी.आर.डी.सी.) द्वारा अनुभाग नागदा अंतर्गत शोल्डर संधारण, रोड मार्किंग एवं यातायात संकेतक (साइनबोर्ड) लगाने का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है।इसी क्रम में दिनांक 30 जनवरी 2026 को अनुविभागीय अधिकारी राजस्व नागदा के निर्देशन में एम.पी.आर.डी.सी., नगर परिषद उन्हेल एवं नागदा तथा पुलिस विभाग के अधिकारियों ने संयुक्त रूप से उक्त मार्ग का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सड़क पर स्थित दुर्घटना संभावित क्षेत्रों को चिन्हित किया गया।अधिकारियों द्वारा चिन्हित स्थलों पर अतिरिक्त यातायात संकेतक लगाने, स्पष्ट रोड मार्किंग करने तथा साइड शोल्डर को सुधारने के निर्देश दिए गए, जिससे वाहन चालकों को बेहतर मार्गदर्शन मिल सके और दुर्घटनाओं की आशंका कम हो।एम.पी.आर.डी.सी. ने तत्परता दिखाते हुए निर्देशों के अनुसार चिन्हित दुर्घटना संभावित स्थानों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्य प्रारंभ कर दिया है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि इन कार्यों के पूर्ण होने के बाद मार्ग पर यातायात व्यवस्था अधिक सुरक्षित, सुचारू और सुव्यवस्थित हो जाएगी।स्थानीय नागरिकों एवं राहगीरों ने भी सड़क सुरक्षा को लेकर किए जा रहे इन प्रयासों की सराहना की है। उम्मीद जताई जा रही है कि इन सुधार कार्यों से सड़क दुर्घटनाओं में उल्लेखनीय कमी आएगी।