राया में शादी की खुशियां मातम में बदलीं, ससुराल आए युवक ने की आत्महत्या
मथुरा।
मथुरा जनपद के थाना राया क्षेत्र स्थित गांव अयेरा में शादी की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब ससुराल में विवाह समारोह में शामिल होने आए एक युवक ने कथित रूप से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस दर्दनाक घटना से जहां परिवार में कोहराम मच गया, वहीं पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान बुलंदशहर जिले के गांव सतपुरा निवासी 35 वर्षीय सुभाष के रूप में हुई है। सुभाष अपने साले पुष्पेंद्र की शादी में शामिल होने के लिए गांव अयेरा आया हुआ था। पुष्पेंद्र की बारात शनिवार, 21 फरवरी को अलीगढ़ जनपद के भोरा गांव जानी थी। घर में शादी की तैयारियां जोरों पर थीं और रिश्तेदारों का आना-जाना लगा हुआ था।बताया जा रहा है कि शुक्रवार देर रात सुभाष अचानक घर से निकलकर कुछ दूरी पर स्थित एक खंडहरनुमा मकान की ओर चला गया। काफी देर तक उसके वापस न लौटने पर किसी ने विशेष ध्यान नहीं दिया, क्योंकि घर में विवाह का माहौल चल रहा था। शनिवार सुबह ग्रामीणों को सूचना मिली कि खंडहरनुमा मकान में एक व्यक्ति का शव फांसी के फंदे पर लटका हुआ है।सूचना मिलने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे, जहां शव की पहचान सुभाष के रूप में हुई। उसने मकान की गाटर से रस्सी बांधकर फांसी लगा ली थी। घटना की सूचना तत्काल थाना राया पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।पुलिस ने परिजनों से पूछताछ शुरू कर दी है। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच की जा रही है। इस अचानक हुई घटना से शादी का माहौल पूरी तरह गमगीन हो गया और गांव में शोक का माहौल व्याप्त है।
