गोहद। सिविल न्यायालय परिसर गोहद में ई-सेवा केंद्र का विधिवत उद्घाटन किया गया। उद्घाटन मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय खंडपीठ ग्वालियर के पोर्टफोलियो जज मिलिंद रमेश पडके द्वारा किया गया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम का संचालन स्वाती समाधिया ने किया, जबकि कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती वंदना के साथ की गई।कार्यक्रम में जिला एवं सत्र न्यायाधीश, जिला प्रशासन, पुलिस अधीक्षक आशित यादव, न्यायालय अधिवक्ता संघ गोहद के पदाधिकारी, स्थानीय प्रशासन, पुलिस प्रशासन तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।ई-सेवा केंद्र का उद्देश्य न्यायालयीन प्रक्रियाओं को सरल, सुगम और पारदर्शी बनाना है। इस केंद्र के माध्यम से आमजन को अपने प्रकरणों से संबंधित जानकारी प्राप्त करने के साथ-साथ प्रमाणित प्रतियां भी आसानी से उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे लोगों को बार-बार न्यायालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।उद्घाटन कार्यक्रम के पश्चात न्यायमूर्ति एवं उपस्थित सभी न्यायाधीशों द्वारा न्यायालय परिसर में पौधारोपण भी किया गया, जिससे पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।ई-सेवा केंद्र की शुरुआत से न्यायिक सेवाओं में डिजिटल सुविधा को बढ़ावा मिलेगा और आम नागरिकों को समय व संसाधनों की बचत के साथ बेहतर सेवाएं मिल सकेंगी।