चापडा में भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ हिंदू सम्मेलन, हनुमान जी की झांकी बनी आकर्षण का केंद्र राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना के 100 वर्ष पूरे होने के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में जगह-जगह हिंदू सम्मेलन आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में गुरुवार को बागली तहसील के चापडा नगर में खंड स्तरीय विशाल हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया गया।इस अवसर पर नगर में कलश यात्रा का आयोजन किया गया, जो श्री राम मंदिर से प्रारंभ होकर नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए ऋण मुक्तेश्वर महादेव मंदिर पर समाप्त हुई। कलश यात्रा प्रभु श्री राम की भक्ति और आस्था में सजीव दिखाई दी। नगरवासियों, महिला, पुरुष और बच्चों की बड़ी संख्या ने इस यात्रा में भाग लिया।इस दौरान सरस्वती शिशु विद्यालय और किड्स पैलेस स्कूल के बच्चों ने श्री राम पर आधारित झांकियां प्रस्तुत की। विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हनुमान जी की झांकी, जिसे नगरवासियों ने खूब सराहा। जगह-जगह पुष्प वर्षा कर कलश यात्रा का स्वागत किया गया, और भजनों की धुन पर श्रोतागण झूमते हुए यात्रा में सम्मिलित रहे।विराट हिंदू सम्मेलन में मुख्य वक्ताओं के रूप में देवकृष्ण व्यास, आचार्य कनिष्ठ द्विवेदी और कथा वाचक शिवानी किशोरी उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता के पूजन से हुई। स्कूली बच्चों और दुर्गा वाहिनी कमलापुर की सदस्यों ने देशभक्ति पर आधारित प्रस्तुतियां दी।