टीकमगढ़। जिले में एक ही दिन में मारपीट की तीन अलग-अलग घटनाओं के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने से कानून व्यवस्था को लेकर चर्चा तेज हो गई है। पुलिस ने दो मामलों में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।पहला वीडियो शहर के बड़े पुल के पास स्थित जैन मंदिर क्षेत्र का बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार रास्ते के विवाद को लेकर जैन और तिवारी परिवार के बीच झगड़ा हुआ, जो बाद में हिंसक रूप ले बैठा। इस घटना में तीन लोग घायल हुए हैं। दोनों पक्षों ने पुलिस में आवेदन दिया है।दूसरा वायरल वीडियो टीकमगढ़ शहर के वार्ड नंबर 23 का बताया जा रहा है, जिसमें कुछ लोग एक युवक के साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार विवाद की वजह एक युवती से कथित छेड़खानी का मामला बताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि युवक युवती के घर के आसपास घूम रहा था, जिसके बाद परिजनों ने उसे पकड़ लिया। मोहल्ले के लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया।तीसरा वीडियो जतारा हाईवे मार्ग स्थित मबई टोल प्लाजा का बताया जा रहा है। इसमें टोल शुल्क को लेकर टोल कर्मचारियों और एक युवक के बीच विवाद और मारपीट की घटना सामने आई है। हालांकि इस मामले में युवक की ओर से अभी तक कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।पुलिस अधिकारियों के अनुसार वायरल हुए तीन में से दो मामलों में कोतवाली थाना पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शेष मामले में शिकायत मिलने पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।