निवाड़ी : जिले की धार्मिक नगरी ओरछा में आज मध्य प्रदेश के कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय पहुंचे। यहाँ उन्होंने रामराजा सरकार के दिव्य दर्शन कर पूजा–अर्चना की। मंदिर परिसर में पत्रकारों से चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि आज पूरे देश में रामराजा सरकार की ही सरकार चल रही है। उन्होंने ओरछा को अद्भुत और पवित्र बताया तथा रामराजा सरकार के स्वरूप को दिव्य, अलौकिक और अद्वितीय बताया।

कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि देशभर में शायद ही कोई ऐसा मंदिर होगा जहाँ भगवान राम राजा के रूप में विराजमान हों और राजा की तरह उनकी पूजा की जाती हो। उन्होंने बताया कि कैबिनेट बैठक के बाद उन्होंने विशेष रूप से यहाँ आकर दर्शन करने का निर्णय लिया।

मंत्री ने यह भी आश्वस्त किया कि रामराजा लोक के बनने और समिति के गठन के बाद सनातन परंपराओं से जुड़े सभी कार्यों की जिम्मेदारी सुनिश्चित रूप से तय की जाएगी। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी धार्मिक या शैक्षणिक संस्थान को बंद नहीं होने दिया जाएगा।