यमुना एक्सप्रेसवे पर बड़ा हादसा टला, चलती डबल डेकर बस आग में जलकर खाक
मथुरा। यमुना एक्सप्रेसवे पर गुरुवार तड़के एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। थाना राया क्षेत्र में माइलस्टोन संख्या 110 के पास चलती डबल डेकर बस में अचानक भीषण आग लग गई। गनीमत रही कि समय रहते सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और कोई जनहानि नहीं हुई।जानकारी के अनुसार, यह डबल डेकर बस बांदा से दिल्ली की ओर जा रही थी, जिसमें करीब 60 यात्री सवार थे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बस के पिछले हिस्से से अचानक धुआं निकलने लगा। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। स्थिति को भांपते हुए बस चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत बस को सड़क किनारे रोक दिया।चालक और परिचालक की तत्परता से सभी यात्रियों को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया, जिससे एक बड़ा जानलेवा हादसा टल गया। हालांकि इस दौरान कई यात्रियों का सामान आग की चपेट में आकर जल गया। आग इतनी तेज थी कि कुछ ही मिनटों में पूरी बस धू-धू कर जलने लगी और देखते ही देखते पूरी तरह राख में तब्दील हो गई।घटना की सूचना मिलते ही थाना राया पुलिस और दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। पुलिस ने एक्सप्रेसवे पर यातायात को नियंत्रित किया, जिससे अन्य वाहनों की आवाजाही सुचारु बनी रही और कोई दूसरी दुर्घटना नहीं हुई।फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच में जुटे हुए हैं। घटना के बाद यात्रियों को वैकल्पिक व्यवस्था के तहत उनके गंतव्य की ओर रवाना किया गया

दिल्ली को दहलाने की साजिश नाकाम, लश्कर-ए-तैयबा के निशाने पर लाल किला
छतों पर बिना लाइसेंस होर्डिंग पर रोक, नई प्रचार नियमावली लागू
पीएम मोदी के आगमन से पहले बयानबाज़ी तेज, गहलोत ने रिफाइनरी प्रोजेक्ट और पंचायत चुनाव को बनाया मुद्दा
अमेरिकी टैरिफ दर में भारत को बड़ी राहत, 18 से घटकर अब 10 प्रतिशत हुआ टैरिफ