भोपाल। खजुराहो में मुख्यमंत्री डाॅ. मोहन यादव के दो दिवसीय प्रवास के दौरान कैबिनेट ने बुंदेलखंड के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए। इस अवसर पर सागर जिले के लिए भी कई बड़े विकास कार्यों की घोषणा हुई, जो क्षेत्र की नई इबारत साबित होंगे।खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने बताया कि मुख्यमंत्री ने बुंदेलखंड और सागर के लिए हजारों करोड़ रुपए की सौगातें दी हैं। इन परियोजनाओं से सागर में नए उद्योग स्थापित होंगे, युवाओं को रोजगार मिलेगा और पर्यटन क्षेत्र में भी नई उपलब्धियां आएंगी।मंत्री  राजपूत के अनुसार, सागर में 608.93 हेक्टेयर भूमि पर 25 हजार करोड़ की लागत से नया औद्योगिक क्षेत्र स्थापित किया जाएगा। इस क्षेत्र में कई उद्योग होंगे और अनुमान है कि लगभग 30 हजार लोगों को रोजगार मिलेगा। इसके अलावा, मसवासी ग्रंट औद्योगिक क्षेत्र में विशेष प्रोत्साहन पैकेज भी दिया गया है, जिसमें भूमि टोकन शुल्क, किराया, रजिस्ट्रेशन शुल्क में छूट और बिजली दरों में रियायत शामिल है।पर्यटन क्षेत्र में भी बड़ी पहल की गई है। जुलाई माह में नौरादेही अभ्यारण्य में 4 चीता लाकर छोड़े जाएंगे। यह बुंदेलखंड में पहला ऐसा कदम होगा और इससे क्षेत्र में पर्यावरण संरक्षण और इको-टूरिज्म को बढ़ावा मिलेगा।सड़क विकास के क्षेत्र में, सागर-दमोह मार्ग को 4-लेन फोरलेन मय पेवड शोल्डर के साथ विकसित करने की स्वीकृति दी गई है। इस परियोजना की लागत लगभग 2059.85 करोड़ रुपए है। 76.68 किमी लंबे इस मार्ग पर 13 अंडरपास, 3 फ्लाईओवर, 9 मिडियन, 1 आरओबी और 13 पुल-पुलिया का निर्माण किया जाएगा। भूमि अर्जन और अन्य कार्यों पर 323.41 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे।स्वास्थ्य क्षेत्र में भी विकास कार्य हुए हैं। बीना सिविल अस्पताल की क्षमता 50 से बढ़ाकर 100 बिस्तर की जाएगी और नए पद सृजित किए जाएंगे। इससे स्थानीय नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएँ मिलेंगी।पूर्व मंत्री और रहली विधायक गोपाल भार्गव ने मुख्यमंत्री डाॅ. मोहन यादव का आभार व्यक्त किया, जबकि नरयावली विधायक प्रदीप लारिया ने कहा कि ये निर्णय क्षेत्र में विकास की नई कहानी लिखेंगे।मंत्री राजपूत ने कहा कि सड़क, उद्योग, पर्यटन और स्वास्थ्य के इन सभी विकास कार्यों से सागर और बुंदेलखंड का हर क्षेत्र नई ऊंचाईयों तक पहुंचेगा।