मथुरा। मथुरा जनपद के नौहझील क्षेत्र में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना शनिवार 15 फरवरी 2026 को बल्देव अस्पताल के माध्यम से पुलिस को मिली, जहां ग्राम बाघई से घायल अवस्था में करिश्मा और दीपक को उपचार के लिए लाया गया था। दोनों की गर्दन पर चोट के निशान पाए जाने के बाद उन्हें तत्काल सीएचसी नौहझील भेजा गया।सीएचसी नौहझील में डॉक्टरों ने करिश्मा (उम्र लगभग 22 वर्ष), पत्नी प्रमोद, को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल दीपक को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल मथुरा रेफर किया गया। मृतका करिश्मा की शादी करीब तीन माह पूर्व हुई थी। वह ओमप्रकाश निवासी नंदलालपुर, खंदौली, आगरा की पुत्री बताई जा रही है। बताया गया है कि मृतका के पति प्रमोद के तीन भाई हरियाणा में रहते हैं, जबकि दीपक मृतका का देवर है।घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के मायके पक्ष को भी सूचना दे दी गई है। फिलहाल मौके पर शांति व्यवस्था बनी हुई है, हालांकि समाचार लिखे जाने तक पुलिस को कोई लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई थी।ग्रामीणों के अनुसार, प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि करिश्मा किसी व्यक्ति से मोबाइल पर बातचीत कर रही थी, जिस पर कथित रूप से देवर ने आपत्ति जताई। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ा और कथित तौर पर हमला हुआ, जिसमें करिश्मा की मौत हो गई। इसके बाद युवक के खुद को भी घायल करने की बात कही जा रही है। घायल दीपक को आगे के इलाज के लिए आगरा रेफर किए जाने की सूचना है।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्ष आने के बाद ही घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच में जुटी हुई है।