मथुरा की बेटी दामिनी कुशवाह बनीं भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट, क्षेत्र का नाम किया रोशन
मथुरा। मथुरा की बेटी दामिनी कुशवाह ने भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट बनकर जिले और प्रदेश का नाम रोशन किया है। दामिनी ने ऑफिसर्स ट्रेनिंग अकादमी से एक वर्ष का कठिन सैन्य प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा कर लेफ्टिनेंट की रैंक हासिल की है। उनकी इस उपलब्धि से क्षेत्र में गर्व और खुशी का माहौल है।दामिनी की सफलता को नारी सशक्तिकरण का एक मजबूत उदाहरण माना जा रहा है। उनकी उपलब्धि से यह संदेश मिलता है कि आज की बेटियां हर क्षेत्र में आगे बढ़कर देश और समाज का नाम रोशन कर रही हैं।सोमवार 9 मार्च 2026 को जब दामिनी कुशवाह मथुरा जंक्शन रेलवे स्टेशन पहुंचीं तो कॉलोनीवासियों और परिजनों ने उनका भव्य स्वागत किया। फूल-मालाओं, ढोल-नगाड़ों और जयघोष के साथ उनका अभिनंदन किया गया। इसके बाद तत्वदर्शी कॉलोनी के पार्क में उनके सम्मान में एक समारोह आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे और उन्हें बधाई दी।दामिनी के पिता लाल चंद्र कुशवाह, जो भारतीय सेना से सेवानिवृत्त हैं, ने बताया कि उनका परिवार लंबे समय से सेना से जुड़ा रहा है। वे मूल रूप से मथुरा जनपद के एक गांव के निवासी हैं और किसान परिवार से संबंध रखते हैं। वर्तमान में उनका परिवार एनएच-19 स्थित तत्वदर्शी वाटिका कॉलोनी में रहता है। परिवार में कुल पांच सदस्य हैं, जिनमें चार लोग भारतीय सेना में सेवाएं दे चुके हैं और अब सेवानिवृत्त हो चुके हैं।उन्होंने बताया कि उनके तीन बच्चे हैं—दो बेटियां और एक बेटा। तीनों की शुरुआती शिक्षा केंद्रीय विद्यालय से हुई है। उनकी बड़ी बेटी नीट परीक्षा के माध्यम से चयनित होकर राजीव गांधी इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज में मेडिकल की पढ़ाई कर रही हैं।दूसरी बेटी दामिनी कुशवाह ने बीएसए कॉलेज से बीए की पढ़ाई की और बाद में केआर डिग्री कॉलेज से एमए की पढ़ाई शुरू की। इसी दौरान उन्होंने यूपीएससी की संयुक्त रक्षा सेवा परीक्षा पास की, जिसमें उन्होंने ऑल इंडिया रैंक 4 हासिल की। इसके बाद उनका चयन भारतीय सेना में अधिकारी पद के लिए हुआ।दामिनी की इस सफलता से पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि उनकी उपलब्धि मथुरा की बेटियों के लिए प्रेरणा है और इससे अन्य युवतियों को भी देश सेवा के लिए आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।

राजनीतिक माहौल गरमाया, सीएम ने कांग्रेस पर साधा निशाना