मथुरा। श्रीकृष्ण जन्मभूमि संघर्ष न्यास की ओर से उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र भेजकर आशुतोष ब्रह्मचारी की जांच कराने की मांग की गई है। न्यास के अध्यक्ष पंडित दिनेश फलाहारी महाराज ने शिकायत पत्र में कई गंभीर आरोप लगाते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने का अनुरोध किया है।पत्र में आरोप लगाया गया है कि आशुतोष ब्रह्मचारी ने कई लोगों के खिलाफ झूठे मुकदमे दर्ज कराए हैं और अलग-अलग रूपों में खुद को प्रस्तुत कर लोगों को कानूनी कार्रवाई में फंसाने की कोशिश करता है। न्यास ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि उसकी पहचान और दावों की सत्यता की जांच के लिए मेडिकल परीक्षण कराया जाए, ताकि सच्चाई सामने आ सके।शिकायत में यह भी कहा गया है कि आशुतोष ब्रह्मचारी ने अपनी भाभी के जाति प्रमाण पत्र से जुड़े दस्तावेजों में कथित रूप से गड़बड़ी कराई है, जिसकी भी जांच होनी चाहिए। इसके अलावा शामली क्षेत्र में लगभग 106 लोगों के खिलाफ दर्ज मुकदमों की भी निष्पक्ष जांच कराने की मांग की गई है।न्यास अध्यक्ष पंडित दिनेश फलाहारी महाराज ने मुख्यमंत्री से मामले को गंभीरता से लेते हुए उचित कार्रवाई कराने का अनुरोध किया है। उनका कहना है कि जांच से सच्चाई सामने आने पर निर्दोष लोगों को न्याय मिल सकेगा और भविष्य में इस प्रकार के विवादों को रोका जा सकेगा।