सागर पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 17 साल से फरार चल रहे हत्या के आरोपी को राजस्थान के जयपुर से गिरफ्तार किया है। आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस ने फिल्मी अंदाज में भेष बदलकर ऑपरेशन को अंजाम दिया।जानकारी के अनुसार आरोपी अब्दुल राज के खिलाफ वर्ष 2009 में कैंट थाना क्षेत्र में हत्या का मामला दर्ज हुआ था। न्यायालय ने उसे आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी और वह सागर केंद्रीय जेल में बंद था। वर्ष 2011 में इलाज के बहाने जिला अस्पताल ले जाए जाने के दौरान वह पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया था। इसके बाद से वह लगातार अपनी पहचान छिपाकर अलग-अलग स्थानों पर रह रहा था। फरारी के दौरान उसके खिलाफ उच्च न्यायालय द्वारा स्थायी वारंट भी जारी किया गया था।पिछले 6-7 महीनों से पुलिस ने उसकी तलाश तेज कर दी थी। साइबर सेल और मुखबिर की सूचना पर उसके जयपुर में होने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिसटीम जयपुर पहुंची और करीब एक सप्ताह तक स्थानीय स्तर पर रहकर उसकी गतिविधियों पर नजर रखती रही।पुलिस टीम ने इलाके के माहौल के अनुरूप भेष बदलकर आरोपी तक पहुंच बनाई और सही समय पर दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ हत्या के अलावा पुलिस अभिरक्षा से फरार होने का मामला भी दर्ज है।पुलिस आरोपी को सागर लाकर न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई कर रही है।