मथुरा, प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के अंतर्गत गरीब परिवारों को पक्का मकान उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। प्रदेश के लगभग 90 हजार लाभार्थियों के खातों में कुल 900 करोड़ रुपये की राशि सीधे ट्रांसफर की गई। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान से सिंगल क्लिक के माध्यम से प्रत्येक लाभार्थी को पहली किस्त के रूप में एक-एक लाख रुपये भेजे।इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण मथुरा में पंडित दीनदयाल उपाध्याय पशु चिकित्सा विज्ञान विश्वविद्यालय एवं गौ अनुसंधान संस्थान के किसान भवन सभागार में भी किया गया, जहां जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और लाभार्थियों ने कार्यक्रम में भाग लिया।जनपद मथुरा में योजना के तहत कुल 5019 आवास स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें से 4942 लाभार्थियों को पहले ही भुगतान किया जा चुका है। सोमवार को आयोजित कार्यक्रम के दौरान 636 लाभार्थियों के खातों में पहली किस्त की राशि ट्रांसफर की गई।जैसे ही राशि ट्रांसफर हुई, सभागार में मौजूद लाभार्थियों के मोबाइल पर मैसेज आने लगे और पूरे परिसर में खुशी का माहौल बन गया। लोगों ने तालियों के साथ इस योजना का स्वागत किया।कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों द्वारा लाभार्थियों को एक लाख रुपये की पहली किस्त के प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए। अधिकारियों ने बताया कि यह योजना गरीब परिवारों को पक्का और सुरक्षित आवास उपलब्ध कराने के साथ उनके जीवन स्तर को बेहतर बनाने की दिशा में एक अहम पहल है।