मथुरा।
मथुरा जनपद के थाना राया क्षेत्र के गांव हरिया गढ़ी में देर रात एक व्यक्ति को अज्ञात हमलावरों ने गोली मार दी, जिससे हड़कंप मच गया। घटना में घायल व्यक्ति को तत्काल उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उसे आगरा रेफर कर दिया गया।घायल की पहचान कुमर पाल उर्फ कुमरु, पुत्र मक्खन सिंह के रूप में हुई है। घटना के अनुसार बुधवार देर रात कुमर पाल गांव में ही मौजूद था, तभी अज्ञात हमलावरों ने उस पर फायरिंग कर दी। गोली की आवाज सुनते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायल को तुरंत अस्पताल पहुंचाया।प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने कुमर पाल की स्थिति गंभीर बताते हुए उसे आगरा रेफर किया। फिलहाल उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।घटना की सूचना मिलते ही थाना राया पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की और साक्ष्य जुटाना शुरू कर दिया। मामले में तेजी से कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दो संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लिया है, जिनसे पूछताछ जारी है।इस संबंध में क्षेत्राधिकारी महावन श्वेता वर्मा ने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस पूरे क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी है और हमलावरों की तलाश जारी है। उन्होंने कहा कि घटना के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही इसका खुलासा किया जाएगा।घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है, लेकिन पुलिस ने क्षेत्र में शांति बनाए रखने और संदिग्धों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश जारी रखी हुई है।